Raipur Crime: दीवार फांदकर रायपुर बाल सुधार गृह से फरार हुए 10 अपचारी, कई पर दर्ज है गंभीर अपराध…|

रायपुर। राजधानी रायपुर के माना बाल सुधार गृह से बड़ी खबर आ रही है। यहाँ 10 अपराधी लड़के फरार हो गए हैं। इन फरार अपराधियों को अलग-अलग गंभीर अपराधों में बाल सुधार गृह में बंद रखा गया था। घटना की जानकारी मिलते ही माना बाल सुधार गृह में हड़कंप मच गया। इसकी सूचना माना थाना की पुलिस को दी गई।

पुलिस फरार अपराधियों की तलाश में जुट गई है। इस घटना ने फिर एक बार सुधार गृह की सुरक्षा की पोल खोल दी है। बताया जा रहा है कि सुधार गृह की खिड़कियां पुरानी थीं, जिन्हें तोड़कर बैरक से बाहर निकल गए। इसके बाद आज सुबह सुधार गृह की दीवार फांदकर 10 अपराधी फरार हो गए हैं।

रायपुर के बाल सुधार गृह की सुरक्षा में चूक का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी अपराधियों के फरार होने की घटनाएं हो चुकी हैं। इसी साल पांच महीने पहले भी छह अपराधी रायपुर माना सुधार गृह से भागने में सफल हो गए थे। अपराधियों को हत्या और दुष्कर्म मामलों में बाल सुधार गृह में बंद किया गया था।

इधर अब देखना यह है कि माना बाल सुधार गृह में प्रबंधन की लापरवाही से लगातार हो रही इस तरह की घटनाओं से निपटने के लिए प्रशासन किस तरह की कार्रवाई करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page