महादेव सट्टा एप के सौरभ और रवि के खिलाफ गृह मंत्रालय को एक्स्ट्रा आडिशन रिपोर्ट भेजेगी रायपुर पुलिस, दुबई में है दोनों सटोरिए…|

रायपुर। छत्तीसगढ़ पुलिस महादेव सट्टा एप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल के खिलाफ केंद्रीय गृह मंत्रालय (एमएचए) को एक्स्ट्रा आडिशन रिपोर्ट भेजेगी। इस रिपोर्ट के जरिए पुलिस जांच में छूटे हुए बिंदुओं और संदेहियों को जांच के दायरे में लाकर उनके खिलाफ सबूत जुटा सकेगी। दोनों के दुबई में होने की जानकारी पुलिस के पास है। अब तक हुई जांच में जो बिंदु छूट गए थे, उनकी जानकारी इस रिपोर्ट में दी जाएगी। देश के विभिन्न हिस्सों में इनके पैनल अब भी संचालित हो रहे हैं।

क्या एक्स्ट्रा आडिशन

एसपी ने बताया है कि सौरभ चंद्राकर को भारत लाने के लिए गृह मंत्रालय को एक्स्ट्रा ऑडिशन रिपोर्ट भेजी जाएगी। महादेव बुक एप के आरोपियों के खिलाफ जांच के दौरान पुलिस से जो महत्वपूर्ण बिंदु छूट गए हैं, उन पर पुनः जांच की जाएगी। इस प्रक्रिया को एक्स्ट्रा ऑडिशन कहा जाता है, जिसमें छूटे हुए बिंदुओं की जांच करके पुलिस रिपोर्ट तैयार करती है और आवश्यक कार्रवाई करती है। महादेव एप मामले में संबंधित संदेहियों और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए रायपुर एसएसपी ने विवेचना अधिकारियों को एक्स्ट्रा ऑडिशन रिपोर्ट तैयार करने का निर्देश दिया है।

खाईवालों से पैसे लेने वाले अकाउंट होंगे सीज

अब कार्रवाई का दायरा बढ़ाया जाएगा। विवेचना अधिकारियों ने खाईवालों के जिन खातों को सीज किया है, उन खातों की आंतरिक जांच कराई जाएगी। इन खातों से जिन-जिन खातों में पैसा ट्रांसफर हुआ है, उन्हें भी सीज करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

जारी है लुक आउट सर्कुलर

महादेव बुक के सरगना सौरभ चंद्राकर, रवि उप्पल और उनके साथियों के खिलाफ जून, 2023 में लुकआउट सर्कुलर जारी किया गया था। यह सर्कुलर ब्यूरो ऑफ इमिग्रेशन, गृह मंत्रालय द्वारा जारी किया गया था। इस मुद्दे पर रायपुर पुलिस ने मंत्रालय को पत्र लिखा था।

रायपुर एसएसपी संतोष सिंह ने बताया कि गृह मंत्रालय में एक्स्ट्रा आडिशन (केस की अतिरिक्त जानकारी) तैयार करके भेजा जाएगा, ताकि आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई में तेजी आ सके। साथ ही, पुलिस बेनामी खातों की भी जांच कर रही है और ऐसे खातों को सीज करने की तैयारी भी की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page