CG Monsoon Update: छत्‍तीसगढ़ में दक्षिण पश्चिम मानसून ने पकड़ी रफ्तार, 48 घंटे में बढ़ेगा बारिश का दायरा, गिरेगा तापमान…|

छत्तीसगढ़ मानसून 2024 अपडेट: रायपुर। दक्षिण-पश्चिम मानसून की आगे बढ़ने की गति अब काफी अच्छी हो रही है और अगले दो से तीन दिनों में प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में भी फैलने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, रविवार 16 जून से प्रदेश में बारिश का क्षेत्र भी बढ़ेगा और अधिकतम तापमान में भी गिरावट आएगी।\

बारिश होने और तापमान गिरने से मौसम में ठंडक बढ़ेगी। गुरुवार को प्रदेश में लखनपुर (कोरबा) सबसे गर्म रहा, जहां कृषि विज्ञान केंद्र लखनपुर का अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, दूसरी ओर मुंगेली, पथरिया, बिलासपुर आदि क्षेत्रों में बारिश भी हुई।

गुरुवार को रायपुर सहित प्रदेश के कई हिस्सों में आंशिक रूप से बादल छाए रहे। अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी के कारण उमस काफी ज्यादा रही, हालांकि देर शाम कई क्षेत्रों में हल्की बारिश भी हुई। रायपुर का अधिकतम तापमान 41.1 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान सामान्य से 2.1 डिग्री और न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.6 डिग्री अधिक रहा।

मौसम विज्ञानियों के अनुसार, अगले दो दिनों तक सरगुजा संभाग के सभी जिलों में लू चलने की संभावना है, लेकिन प्रदेश के बाकी क्षेत्रों में आंधी के साथ बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, इस वर्ष देश भर के साथ प्रदेश में भी सामान्य से अधिक बारिश की उम्मीद है।

मौसम विशेषज्ञ एचपी चंद्रा ने बताया कि एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण मध्य बिहार के ऊपर 0.9 किमी ऊंचाई तक फैला है। शुक्रवार को कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश के आसार है। दो से तीन दिनों में प्रदेश में बारिश का दायरा भी बढ़ेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page