Rajnandgaon: घर में सो रहे दंपती पर पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने का प्रयास, बदमाशों ने पहले पति को पीटा फिर वारदात को दिया अंजाम…|

डोंगरगांव। राजनांदगांव अपराध समाचार: छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में एक भयावह घटना घटित हुई है। यहां घर में सो रहे एक पति-पत्नी को जिंदा जलाने का प्रयास किया गया। यह घटना सांकरदाहरा के पास स्थित ग्राम कन्हारपुरी की है। इस घटना में कन्हारपुरी निवासी अशोक लेंझारे (50 वर्ष) गंभीर रूप से झुलस गए हैं। उनकी पत्नी उषा लेंझारे (47 वर्ष) भी घायल हुई हैं। दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डोंगरगांव से मेडिकल अस्पताल में रेफर किया गया है। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने गंभीर रूप से घायल अशोक लेंझारे को रायपुर रेफर कर दिया है। घटना की जानकारी मिलते ही डोंगरगांव पुलिस जांच में जुट गई है।

बताया गया है कि यह घटना बुधवार की सुबह करीब साढ़े तीन से चार बजे के बीच की है। जब तीन से चार अज्ञात लोगों ने पेट्रोल डालकर अशोक लेंझारे और उषा लेंझारे को जलाने का प्रयास किया। घटना का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। हालांकि, यह जानकारी मिली है कि घायल अशोक लेंझारे गांव में ही चिल्हर में पेट्रोल बेचने का काम करता है। सांकरदाहरा में भी उसकी एक दुकान है। पूछताछ के दौरान भी कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई है।

खबर यह भी है कि पेट्रोल डालकर जलाने से पहले अज्ञात लोगों ने घायल अशोक लेंझारे के साथ मारपीट की थी। इस मारपीट के कारण अशोक के सिर और अन्य हिस्सों में गंभीर चोट के निशान मिले हैं। जब उसकी पत्नी उषा लेंझारे ने बीच बचाव करने की कोशिश की, तब अज्ञात लोगों ने पेट्रोल डालकर आग लगा दी, जिससे अशोक लेंझारे के साथ उषा भी झुलस गई। हालांकि, उषा की स्थिति सामान्य बताई जा रही है, लेकिन अशोक की स्थिति गंभीर है। उसे लगभग 70 प्रतिशत से अधिक जलने की जानकारी मिली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page