Chhattisgarh Weather Update: छत्‍तीसगढ़ में भीषण गर्मी की मार, लू के कहर से 3 लोगों की मौत…|

रायपुर। पूरे छत्तीसगढ़ में इन दिनों भीषण गर्मी का कहर जारी है। रायपुर, बिलासपुर, और दुर्ग संभाग के विभिन्न जिलों में लू चल रही है, जिसके चलते अब तक तीन लोगों की मौत हो चुकी है। गुरुवार को मुंगेली प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां एडब्ल्यूएस मुंगेली का अधिकतम तापमान 46.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसी प्रकार, रायपुर का अधिकतम तापमान 46.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 4.7 डिग्री अधिक है।

मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दो दिन भी झुलसाने वाले रहेंगे और अधिकतम तापमान में कोई विशेष बदलाव नहीं होगा। हालांकि, मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ क्षेत्रों में लू का कहर जारी रहेगा।

गुरुवार को भी पूरे प्रदेश का मौसम शुष्क रहा और तेज धूप के साथ गर्म हवाओं ने लोगों को झुलसाया। दिन के साथ ही अब रात में भी गर्म हवाएं चलने लगी हैं, और मौसम विभाग लगातार लू को लेकर अलर्ट जारी कर रहा है।

विभाग का कहना है कि लोग सुरक्षा के उपाय करते हुए ही घर से बाहर निकलें। इन दिनों अधिकतम तापमान के साथ ही न्यूनतम तापमान में भी लगातार बढ़ोतरी हो रही है और झुलसाने वाली गर्मी से लोग बेहाल हो रहे हैं। मई के आखिरी सप्ताह की यह गर्मी पिछले पांच से छह वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ चुकी है।

केरल में मानसून का प्रवेश, बस्तर में बारिश के आसार

मौसम विज्ञानियों से मिली जानकारी के अनुसार मानसून का केरल में प्रवेश हो चुका है। मानसून की उत्तरी सीमा अमीनी, कन्नूर, कोयंबटूर, कन्याकुमारी, अगरतला और धुबरी है। मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं। एक द्रोणिका उत्तर पश्चिम उत्तर प्रदेश से पश्चिम बंगाल तक, दक्षिण पूर्व उत्तर प्रदेश, दक्षिण बिहार, उप हिमालयीन पश्चिम बंगाल और सिक्किम होते हुए 0.9 किमी ऊंचाई तक फैली हुई है। इसके प्रभाव से शुक्रवार, 31 मई को प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ छींटे पड़ सकते हैं। वर्षा का क्षेत्र मुख्य रूप से उत्तर और दक्षिण भाग में रहेगा।

यह रहा अधिकतम तापमान

रायपुर 46.8 डिग्री सेल्सियस

बिलासपुर 46.4 डिग्री सेल्सियस

जगदलपुर 40.7 डिग्री सेल्सियस

अंबिकापुर 43.9 डिग्री सेल्सियस

पेंड्रा रोड 43.4 डिग्री सेल्सियस

राजनांदगांव 46.0 डिग्री सेल्सियस

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page