छत्तीसगढ़: महासमुंद में 117 आदिवासी महिलाएं गिरफ्तार, अवैध कब्जा करने के आरोप में वन विभाग ने की कार्रवाई…|

महासमुंद: जिला मुख्यालय से लगे ग्राम लोहारडीह में पेड़ों को काटकर वन विकास की जमीन पर अवैध कब्जा करने वाले 117 आदिवासी महिलाओं को वन अमले ने गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश किया। गिरफ्तार महिलाओं का कहना है कि उनके पास जमीन नहीं है। यहां गांव वाले वन विकास की जमीन पर कब्जा कर खेती कर रहे हैं, इसलिए वे लोग भी खेती के लिए मेढ़ बना रहे हैं। अब विभाग को कार्रवाई करना है तो करें।

बताया गया कि ग्राम लोहारडीह में वन विकास निगम के कक्ष क्रमांक 860 के 200 हेक्टेयर में 1998 में सागौन का प्लांटेशन किया गया है, जिसमें लोहारडीह के ग्रामीण ने पेड़ों को काटकर इसे मैदान बना दिया और अब खेती के लिए मेड़ बना रहे हैं। इसकी सूचना वन विकास निगम के कर्मचारियों को मिली तो वे मौके पर गए तब यहां अतिक्रमण मिला। इसके बाद वन विकास निगम ने 10 जनवरी को ग्रामीणों को नोटिस दिया।

नोटिस में लिखा था कि कक्ष क्रमांक 860 के 30 हेक्टेयर रकबे में लगे सागौन के पौधों को काटकर अतिक्रमण के लिए मेढ़ बनाया गया है, जो आरक्षित क्षेत्र में प्रतिबंधित है। किसी प्रकार का दस्तावेज व अनुमति हो तो प्रस्तुत करें। इसके बाद भी ग्रामीण अतिक्रमण कर रहे थे। इसके चलते वन विकास निगम का अमला बुधवार को ग्राम लोहारडीह पहुंचा और 124 महिलाओं पर वन अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर 117 महिलाओं को गिरफ्तार किया और न्यायालय में प्रस्तुत किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page