CG Monsoon Update: छत्‍तीसगढ़ में मानसून हुआ सक्रिय, मौसम विभाग का अलर्ट, अगले दो दिन होगी भारी बारिश…|

रायपुर। छत्तीसगढ़ मॉनसून अपडेट: छत्तीसगढ़ में मॉनसून ब्रेक की स्थिति समाप्त हो गई है और अब मॉनसून पूरी तरह से सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दो दिनों में प्रदेश में अच्छी बारिश की संभावना है। बस्तर क्षेत्र में तो भारी बारिश की संभावना है, जबकि रायपुर और अन्य क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश होगी। इसके साथ ही अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट का दौर भी जारी रहेगा।

मौसम विज्ञानियों के अनुसार, आने वाले कुछ दिनों तक प्रदेश में मौसम का रुख ऐसा ही बना रहेगा और तापमान में एक कमी के साथ मौसम में ठंडक बरकरार रहेगी। हालांकि वर्तमान स्थिति में प्रदेश में बारिश की स्थिति कमजोर है और सामान्य बारिश की तुलना में 20 फीसदी बारिश कम हुई है। मंगलवार को रायपुर में अधिकतम तापमान 31.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक है और न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम है।

यह बन रहा सिस्टम

मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा ने बताया कि मानसून द्रोणिका का पश्चिमी धारा हिमालय की तराई में स्थित है, जबकि पूर्वी धारा निजामाबाद, लखनऊ, सतना, रायपुर और दक्षिण पूर्व तक मध्य समुद्रतल पर है। उसके साथ ही, आने वाले 24 घंटों में एक कम दबाव क्षेत्र की संभावना है, जो दक्षिण छत्तीसगढ़ और दक्षिण ओडिशा की ओर बढ़ सकता है।

इन क्षेत्रों में हुई बारिश

सकुमा में 9 सेमी, छिंदगढ़ में 6 सेमी, मानपुर में 5 सेमी, पत्थलगांव-थानखमरिया में 4 सेमी, पाली-अंबागड़ चौकी में 3 सेमी वर्षा हुई। इसके साथ ही प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा हुई। आने वाले दो दिनों में प्रदेश में अच्छी वर्षा होने की संभावना बढ़ गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page