सीजी मौसम अपडेट: बस्तर में भारी वर्षा की चेतावनी, बीजापुर-दंतेवाड़ा-सुकमा, नारायणपुर में अलर्ट

जगदलपुर। सीजी मौसम अपडेट: मौसम विभाग ने बस्तर संभाग के बीजापुर, दंतेवाड़ा, और सुकमा में एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा की चेतावनी जारी की है। नारायणपुर के लिए आरेंज अलर्ट जारी किया गया है। बस्तर और कोंडागांव जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। बारिश से नदी-नाले में उफान आ सकते हैं और बाढ़ की स्थिति बन सकती है। इसलिए सतर्क रहने को कहा गया है।

विभाग के अनुसार दक्षिण छत्तीसगढ़ के ऊपर ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण 1.5 किमी ऊंचाई तक विस्तारित है। उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे लगे तटीय ओडिशा के ऊपर यह परिसंचरण 7.6 किमी ऊंचाई तक विस्तारित है। इस प्रभाव के कारण बस्तर क्षेत्र में अति बारिश होने की संभावना है।

चक्रवाती प्रभाव का असर बस्तर में सोमवार से दिख रहा है और पिछले 24 घंटों में सभी जिलों में लगातार बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार अगले एक-दो दिन तक इसी तरह की स्थिति बनी रहने की संभावना है। जगदलपुर में भी दिन भर रुक-रुक कर बारिश दर्ज की गई है, जिससे तापमान में भी गिरावट आई है। प्रदेश में सबसे न्यूनतम तापमान 22.5 डिग्री सेल्सियस, जगदलपुर में दर्ज किया गया है।

बीजापुर में लगातार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त

बीजापुर । जिले में हो रही लगातार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। नदी-नाले उफान पर आ गए हैं और चेरपाल, पोंजेर नदी नाले का जल स्तर बढ़ गया है। कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक भीलेंद्र पालेकर ने बताया है कि आने वाले दो दिनों में भारी बारिश होने की संभावना है। जिले में अब तक 68 मिमी की औसत वर्षा हुई है, जो पिछले वर्ष से कम है।

इधर बारिश के कारण बीजापुर नगर के कई हिस्सों में लगातार नालियां जाम हो गई हैं। नाली का पानी घरों में घुस रहा है। नगर पालिका की ओर से पूर्व नालियों की सफाई नहीं की जा रही है, जिसके कारण ऐसी स्थिति उत्पन्न हो रही है। नगर के सफाई कर्मचारियों ने लगातार जाम नालियों से कचरे को निकालने में लगा हुआ है।

जवाहर नवोदय विद्यालय के पास एक पेड़ गिरने से सड़क पर दो घंटे तक जाम रहा। पालिका के जेसीबी वाहन से पेड़ को हटाया गया। जिला मुख्यालय में बिजली की आंख-मिचौली जारी है और अंदरूनी क्षेत्र के कई गांवों में विद्युत आपूर्ति ठप हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page