Monsoon In Chhattisgarh: छत्‍तीसगढ़ में मानसून की एंट्री होते ही रूठा, आज छाए रहेंगे आंशिक बादल पर बढ़ेगा पारा…|

छत्तीसगढ़ में मानसून: रायपुर। मानसूनी दबाव की स्थिति के कारण बुधवार 26 जून से प्रदेश भर में बारिश की गतिविधियों में वृद्धि होगी। मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में भारी बारिश होने की संभावना है। मंगलवार को भी प्रदेश के कुछ इलाकों में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे, लेकिन अधिकतम तापमान में वृद्धि दर्ज की जाएगी। सोमवार को बलरामपुर प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा, जहाँ एआरजी बलरामपुर का अधिकतम तापमान 37.6 डिग्री सेल्सियस मापा गया।

सोमवार सुबह से ही प्रदेश के कुछ हिस्सों में आंशिक रूप से बादल छाए रहे और हल्की बारिश भी हुई। हालांकि, दोपहर में तेज धूप निकलने के कारण अधिकतम तापमान बढ़ गया और गर्मी भी बढ़ी। सोमवार को रायपुर का अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान सामान्य से 2.3 डिग्री ज्यादा था और न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.2 डिग्री ज्यादा रहा।

मौसम विशेषज्ञ एचपी चंद्रा ने जानकारी दी कि एक उत्तर-दक्षिण द्रोणिका राजस्थान से दक्षिण छत्तीसगढ़ तक 0.9 किमी की ऊंचाई पर फैली हुई है। इसके अलावा, एक और द्रोणिका दक्षिण छत्तीसगढ़ से दक्षिण महाराष्ट्र तक 3.1 किमी की ऊंचाई पर स्थित है। उन्होंने बताया कि बुधवार से प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में वृद्धि होगी और कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना है।

इन क्षेत्रों में हुई बारिश

भोपालपट्टनम में 15 सेमी, अहिवारा में 6 सेमी, घुमका-खैरागढ़ में 4 सेमी, राजिम, भखारा, और डोंगरगढ़ में 3 सेमी, और गरियाबंद, बलौदाबाजार, तथा पेंड्रा रोड में 2 सेमी बारिश हुई। इन क्षेत्रों के साथ ही प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page