CG Election Winners List: छत्तीसगढ़ में फिर चला मोदी मैजिक, भाजपा के खाते में आईं 11 में से 10 सीटें, बृजमोहन ने दर्ज की सबसे बड़ी जीत…|


छत्तीसगढ़ लोकसभा चुनाव परिणाम 2024: रायपुर। छत्तीसगढ़ में मोदी लहर अभी भी जारी है। विधानसभा चुनाव में भाजपा की बड़ी जीत के बाद, लोकसभा चुनाव में भी उनका प्रदर्शन बरकरार है। भाजपा ने राज्य की 11 में से 10 सीटें जीतकर अपनी जीत का परचम फहराया है। मोदी की लहर के चलते भाजपा ने 10 सीटें जीतकर 2019 के परिणाम को भी पीछे छोड़ दिया है और राज्य के गांव-शहरों में जश्न का माहौल है।

भाजपा के कार्यकर्ता मंडल स्तर से लेकर जिला और राज्य स्तर के कार्यालयों में मिठाई बांटकर जश्न मना रहे हैं। पिछली बार भाजपा को 11 में से 9 सीटें मिली थीं, जबकि कांग्रेस के खाते में 2 सीटें गई थीं। इस बार भाजपा ने अपने प्रदर्शन में और सुधार करते हुए 10 सीटें जीती हैं।

प्रदेश की सबसे हाई प्रोफाइल सीट, राजनांदगांव में, कांग्रेस के प्रत्याशी और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को भाजपा के प्रत्याशी संतोष पांडेय ने हरा दिया। संतोष लगातार दूसरी बार सांसद निर्वाचित हुए हैं।

महासमुंद में भाजपा की महिला प्रत्याशी रूपकुमारी चौधरी ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू को पराजित किया है। रायपुर लोकसभा सीट से, आठ बार के विधायक और वर्तमान शिक्षा मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने कांग्रेस के विकास उपाध्याय को हराया। दुर्ग लोकसभा क्षेत्र में भाजपा के प्रत्याशी विजय बघेल ने कांग्रेस के राजेंद्र साहू को हराकर दूसरी बार सांसद बने।

बिलासपुर लोकसभा क्षेत्र में भाजपा के किसान नेता तोखन साहू ने कांग्रेस प्रत्याशी देवेंद्र सिंह यादव को पराजित किया। रायगढ़ लोकसभा क्षेत्र में भाजपा के प्रत्याशी राधेश्याम राठिया ने कांग्रेस की प्रत्याशी डॉ. मेनका देवी सिंह को हराया।

सरगुजा लोकसभा क्षेत्र में, कांग्रेस से भाजपा में शामिल हुए चिंतामणि महराज ने कांग्रेस की शशि सिंह को पराजित किया। कांकेर में, भाजपा प्रत्याशी भोजराज नाग ने कांग्रेस के बीरेश ठाकुर को हराया। जांजगीर-चांपा में, भाजपा प्रत्याशी कमलेश जांगड़े ने कांग्रेस के प्रत्याशी और पूर्व मंत्री डॉ. शिव कुमार डहरिया को हराया।

भाजपा को कोरबा में झटका, बस्तर में वापसी

प्रदेश की कोरबा लोकसभा सीट पर भाजपा को लगातार दूसरी बार हार का सामना करना पड़ा है। यहां कांग्रेस की प्रत्याशी ज्योत्सना महंत ने भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और प्रत्याशी सरोज पांडेय को हराया। ज्योत्सना प्रदेश के कांग्रेस नेता और नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत की पत्नी हैं और वह दूसरी बार लोकसभा सदस्य निर्वाचित हुई हैं। वहीं, बस्तर लोकसभा क्षेत्र में भाजपा ने अपनी खोई हुई सीट पर वापसी की है। पिछली बार इस सीट पर कांग्रेस के प्रत्याशी दीपक बैज जीते थे, लेकिन इस बार भाजपा के प्रत्याशी महेश कश्यप ने कांग्रेस के प्रत्याशी और पूर्व मंत्री कवासी लखमा को हराया।

पांच लोकसभा चुनाव में दो सीट से आगे नहीं बढ़ी कांग्रेस

राज्य गठन के बाद से अब तक प्रदेश में हुए पांच लोकसभा चुनावों में कांग्रेस कभी एक या दो सीट से आगे नहीं बढ़ पाई है। वर्ष 2004, 2009, और 2014 के लोकसभा चुनावों में भाजपा ने 11 में से 10 सीटों पर जीत हासिल की थी और कांग्रेस को सिर्फ एक सीट मिली थी। 2019 के चुनाव में भाजपा को 9 और कांग्रेस को 2 सीटें मिली थीं। इस बार, 2024 के लोकसभा चुनाव में भी कांग्रेस एक सीट से आगे नहीं बढ़ पाई।

दिग्गज जीते: बृजमोहन अग्रवाल, विजय बघेल, संतोष पांडेय, ज्योत्सना महंत, चिंतामणि महराज।

दिग्गज हारे: भूपेश बघेल, सरोज पांडेय, ताम्रध्वज साहू, डा. शिवकुमार डहरिया, कवासी लखमा ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page