Durg Crime News: नवविवाहिता ने लगाई फांसी, 11 महीने पहले हुई थी शादी, मायके वालों ने जताई हत्‍या की आशंका…|

भिलाई। Durg Crime News: दुर्ग जिले के जवाहर नगर में रहने वाली एक नवविवाहिता ने शादी के 11 महीने बाद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलने पर उसके मायके वाले ओडिशा से दुर्ग पहुंचे और ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया। उन्होंने यह भी आशंका जताई कि उनकी बेटी की हत्या की गई हो सकती है। घटना की सूचना मिलते ही मोहन नगर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि मृतका भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष किरण देव सिंह के भतीजे की साली थी।

पुलिस ने बताया कि नुआपाड़ा, ओडिशा के रहने वाले आरके सिंह की बेटी अर्पिता (33) की शादी 11 महीने पहले जवाहर नगर, दुर्ग के सौरभ राजपूत से हुई थी। गुरुवार रात को अर्पिता की लाश उसके कमरे में फंदे से लटकती हुई मिली। ससुराल वाले उसे फंदे से उतारकर तुरंत जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

जब पुलिस को इस घटना की जानकारी मिली, तो उन्होंने मृतका के मायके वालों को सूचित किया। मृतका के मायके वाले तुरंत दुर्ग पहुंचे। उनके पहुंचते ही मृतका का पति और उसके ससुराल वाले फरार हो गए।

मृतका के पिता आरके सिंह ने आरोप लगाया है कि दहेज के लिए उसकी बेटी को प्रताड़ित किया जाता था और उससे मारपीट की जाती थी। उन्होंने इस मामले में हत्या की आशंका भी जताई है। चूंकि यह नवविवाहिता का मामला है, इसलिए इसकी न्यायिक जांच की जा रही है। मृतका का पति सौरभ राजपूत एरिगेशन विभाग में इंजीनियर है, जबकि मृतका स्वयं भी इंजीनियर थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page