जशपुर। जशपुर नगर में बारातियों से भरी तेज रफ्तार चार पहिया वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित पेड़ से टकरा गया। इस दुर्घटना में 8 लोग घायल हो गए हैं। यह हादसा नारायणपुर थाना क्षेत्र के साहिडांड के पास शुक्रवार सुबह 5 बजे को हुआ। जानकारी के अनुसार जशपुर जिले के दुल्दुला ब्लाक के बिपतपुर पंचायत के आश्रित गाँव कोरना से सूरजपुर जिले के भूरानीडांड जा रहे थे। विवाह कार्यक्रम सम्पन्न होने के बाद स्कोरपियों वाहन क्रमांक सीजी 10 एनए 8852 में सवार होकर वे गाँव कोरना की ओर लौट रहे थे।
इसी दौरान, साहीडांड के पास तड़के लगभग 5 बजे अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित महुआ के पेड़ से टकरा गई। दुर्घटना की आवाज सुनकर साहीडांड के रहवासी घायलों की सहायता के लिए आए, स्थानीय लोगों ने घायलों को क्षतिग्रस्त वाहन से बाहर निकाला और उन्हें अस्पताल भेजने के लिए एम्बुलेंस के लिए 108 पर कॉल किया। ग्रामीणों का आरोप है कि वाहन उपलब्ध न होने की सूचना देते हुए, संजीवनी सेवा ने घायलों को दूसरे वाहन से अस्पताल ले जाने की सलाह देते हुए कॉल डिसकनेक्ट कर दिया। ग्रामीणों ने स्थानीय लोगों की सहायता से घायलों के इलाज के लिए उप स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया है।