Kawardha: महिला के साथ छेड़छाड़ करने पर युवक को पेड़ से बांधकर की इतनी पिटाई, लीवर फटने से हुई मौत, महिला सहित 10 गए जेल…|

कवर्धा अपराध समाचार: छत्तीसगढ़ के कवर्धा पुलिस ने कुकदूर के ग्राम दमगढ़ में हुए हत्याकांड का राजफाश कर दिया। एक महिला समेत 10 आरोपितों ने हत्याकांड को अंजाम दिया है। इन सभी आरोपितों ने 37 वर्षीय युवक धर्म सिंह धुर्वे को पीट-पीटकर हत्या कर दी, जो बारेलाल धुर्वे का पुत्र और ग्राम राली, थाना जंगल तरेगांव में निवासी थे। सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

थाना से मिली जानकारी के अनुसार आरोपितों ने युवक को पेड़ में बांधकर खूब पीटा। युवक को इतना मारा कि उसके शरीर में गंभीर चोटें लग गई थीं। स्थिति इतनी बिगड़ी कि युवक का लीवर फट गया था। यह बात पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आई।

जानकारी के अनुसार 15 अप्रैल की रात करीब 8 बजे एक महिला ग्राम दमगढ़ के सुखिया बाई के घर शादी में जा रही थी। इसी दौरान दमगढ़ जंगल के बरगद पेड़ के पास रास्ते में मृतक धर्मसिंह धुर्वे द्वारा छेड़छाड़ कर गला दबाने की बात को लेकर सभी आरोपितों ने मृतक धर्मसिंह धुर्वे को पेड़ से बांध दिया और लाठी और नोकदार पत्थर से हमला करके गंभीर चोटें पहुंचाई। इसके बाद मृतक के स्वजनों से मृतक को छोड़ने के विरोध में 50 हजार रुपये की मांग की गई। स्वजनों ने रुपये न देने पर मृतक धर्मसिंह धुर्वे की मारपीट कर हत्या कर दी।

मामले में इन आरोपितों को पकड़ा गया

पुलिस ने आरोपितों शिवचरण धुर्वे (20), निवासी ताईतिरनी थाना कुकदुर; ओमप्रकाश धुर्वे (19), उपका थाना कुकदुर; अर्जुन मरावी (19), निवासी बांटी पथरा थाना तरेगांव जंगल; साजन धुर्वे (20), निवासी उपका थाना कुकदुर; शिवराज धुर्वे (18), निवासी ताईतिरनी थाना कुकदुर; रामकुमार धुर्वे (24), निवासी ताईतिरनी थाना कुकदुर; रमेश धुर्वे (23), निवासी ताईतिरनी थाना कुकदुर; महेन्द्र धुर्वे (18), निवासी दमगढ़ थाना कुकदुर; दशरथ मरावी (20), निवासी दमगढ़ थाना कुकदुर; सुखिया बाई बैगा (32), निवासी दमगढ़ थाना कुकदुर; सभी जिला कबीरधाम को गिरफ्तार किया है। इनके खिलाफ पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।

कुकदूर क्षेत्र में बढ़ती जा रही हैं हत्या की घटनाएं


कबीरधाम जिले के वनांचल क्षेत्र, जैसे कि कुकदूर, में हत्या जैसे कई गंभीर अपराध हो रहे हैं। आपराधिक घटनाएं बढ़ती ही जा रही हैं। इसे रोकने के लिए पुलिस व प्रशासन को ध्यान दिया जाना चाहिए। इसी साल जनवरी माह में ही थाना क्षेत्र के ग्राम नागाडबरा में तीन बैगाओं को जिंदा जला दिया गया था।

इस मामले में पुलिस को काफी कठिनाईयों का सामना करना पड़ा। क्योंकि, घटना के करीब 20 दिन बाद आरोपितों को पकड़ा गया था। इसी प्रकार क्षेत्र में एक महिला के साथ मानव तस्करी का भी मामला सामने आया था। उस समय महिला को उसके ही एक रिश्तेदार ने हरियाणा में बेच दिया था। इस मामले ने मीडिया में भी काफी चर्चा का विषय बनाया। हालांकि, बाद में पुलिस ने आरोपितों को हरियाणा से गिरफ्तार किया।

हत्याकांड से फैल गई थी सनसनी

ग्राम दमगढ़ में हुए हत्याकांड से क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। क्योंकि, मृतक को पेड़ में बांधकर पीटा गया था। इस पूरी घटना ने इंसानियत को शर्मसार कर दिया था। मंगलवार को घटना के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद स्वजनों को सौंप दिया। शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया है। घटना के बाद मृतक के स्वजनों में आक्रोश है। उन्होंने आरोपितों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page